बेहद सफलता पूर्वक सम्पन्न किया सेवा पखवाड़ा अभियान
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। कुछ अधिकारी हमेशा से अपने काम की कार्यप्रणाली को लेकर एक अलग पहचान रखते हैं। काम के प्रति उनकी लगन और उनका विजन उन्हें सबसे अलग बनाता है। ऐसे ही अधिकारियों में एडीएम प्रशासन रितु सुहास का भी नाम आता है। एक ऐसी अधिकारी जिनके काम करने का अंदाज ही अलग है। वो चाहे मतदाता जागरूकता अभियान में स्वीप हो या फिर लखनऊ में हैन्डलूम फैशन शो हो। एक बार फिर रितु सुहास ने अपने अलग अंदाज से नगर सेवा पखवाड़े को एक पहचान दी है। 72 घंटे का अभियान सफलतापूर्व चलाकर उन्होंने स्वच्छता का नया संदेश दिया है। इस अभियान में 762 निकाय शामिल थे, जिसमें लोनी भी शामिल था। इसे नगर सु शोभन अभियान का नाम दिया गया था। इस अभियान में उन लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था जो कूड़ा ईधर उधर डाल रहे थे। एडीएम प्रशासन रितु सुहास के पास लोनी का भी प्रभार है। उन्होंने लोनी में 15 स्थान चिन्हित कराये जहां पर लोग कूड़ा डाल रहे थे। रितु सुहास ने अभियान को एक चुनौती के रूप में लिया और सामाजिक सहयोग से उन्होंने इन स्थानों की दशा ही बदल दी। जहां पर लोग कूड़ा डालते थे वहां पर खूबसूरत पेंटिंग बनाई गयी हैं। इनमें कई मैट्रो पिलर भी ऐसे हैं जहां पर गंदगी हटाकर खूबसूरत पेंटिंग लगाई गयी हैं। अब यहां खूबसूरती दिखाई दे रही है और गंदगी नहीं दिखाई दे रही। एडीएम प्रशासन रितु सुहास ने लोगों से अपील की है कि वो इस अभियान को सफल बनायें और अपने आस पास ना किसी को गंदगी फैलाने दें और ना ही खुद फैलायें।