पुष्प की वर्षा के साथ निकला भोले बाबा का जयघोष और बढ़ा तिरंगा यात्रा का जोश
टैंक पार्क पर डीएम-एसएसपी ने कांवड़ियों को बांटे तिरंगे और की पुष्प वर्षा
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को गाजियाबाद जिले में जगह-जगह पुलिस-प्रशासन और सिविल डिफेंस की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गंगाजल और कांवड़ लेकर लौट रहे शिव भक्तों का स्वागत करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की गई। साथ ही इस दौरान डीएम राकेश कुमार सिंह, एसएसपी मुनिराज, एडीएम सिटी विपिन कुमार, एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी क्राइम डा. दीक्षा शर्मा, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाह, सीओ सिहानी गेट आलोक दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट गम्भीर सिंह, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, डिप्टी वार्डन अनिल अग्रवाल, एसएचओ सिहानी गेट नरेश शर्मा सहित अन्य पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने यहां पुष्प वर्षा की और इस दौरान भोलों को तिरंगे वितरित किए। इस दौरान पूरा नजारा भगवा के साथ-साथ तिरंगामय भी हो गया। अधिकारियों ने पैदल यात्रा निकाली और भोले के भक्तों का जगह-जगह स्वागत भी किया गया।
बीमार होने के बाद भी डटे रहे डीएम
मिली जानकारी के अनुसार डीएम राकेश कुमार सिंह बीते 2 दिनों से फीवर से पीड़ित हैं । उन्होंने रविवार को ही अपने कुछ खास टेस्ट कराए थे जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। बावजूद इसके वह मेडिसिन लेकर सोमवार को देर रात तक फील्ड में अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण और कांवड़ यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जुटे रहे। इस दौरान वे अलग-अलग स्थान पर जाते और कुछ देर विश्राम करने के बाद व्यवस्थाओं को भी संभाल ले में जुटे रहे।
अधिकारियों की पीठ थपथपा गए सीएम
भले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में सड़क मार्ग भले कदम ना उतारे हों लेकिन उन्होंने हिंडन एयरपोर्ट में अधिकारियों से यहां की व्यवस्थाओं और यात्रा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। सूत्र बता रहे हैं कि इस दौरान पुलिस और प्रशासन के द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए जो इंतजाम किए गए हैं और मार्ग से लेकर कांवड़ लाने ले जाने में सहयोग की जो व्यवस्था की गई है, उसकी सराहना की गई है।
डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और किसी भी अव्यवस्था को दूर करने के लिए जिले के डीएम राकेश कुमार सिंह व एसएसपी मुनिराज खुद सोमवार को अलग-अलग इलाकों में पहुंचे और निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन के चलते हिंडन एयरपोर्ट में भी अधिकारियों का दल काफी लंबे समय तक मौजूद रहा। दोनों ही अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मेरठ रोड स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में सिविल डिफेंस और पुलिस-प्रशासन की ओर से आयोजित तिरंगा वितरण कार्यक्रम में पुष्प वर्षा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
शांतिपूर्वक संपन्न होगी कांवड़ यात्रा : एसएसपी
एसएसपी मुनिराज ने करंट क्राइम से बातचीत करते हुए कहा है कि कांवड़ यात्रा व जलाभिषेक का कार्यक्रम जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा। शांतिपूर्वक कांवड़ यात्रा संपन्न कराने के लिए प्रत्येक जोन में एसपी और सीओ स्तर के अधिकारियों को चिन्हित किया गया है। साथ ही जिले को 8 जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है। जिलेभर में 200 से ज्यादा सीसीटीवी को अलग से लगाया गया है। दो बड़े कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही इंटेलिजेंस और सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पीएसी की दो प्लाटून अलग-अलग से संवेदनशील इलाकों पर लगाई गई है। गंगनहर और हिंडन नदी के आसपास कोई दुर्घटना ना हो इसके लिए यहां एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा है कि गाजियाबाद पुलिस 27 तारीख को कांवड़ यात्रा पूरी तरह संपन्न होने तक सड़कों पर और अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में ड्यूटी पर मुस्तैद रहेगी।
हर अधिकारी नजर आया तिरंगे के साथ
जिले में बात चाहे देहात की हो या शहर की, नदियापार का इलाका हो या सिटी का। पुलिस से लेकर प्रशासन के अधिकारियों के हाथ में तिरंगा नजर आ रहा था। देहात में एसपी देहात डा. ईरज राजा, एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एसडीएम विनय सिंह, एएसपी आकाश पटेल, एसडीएम शुभांगी भी तिरंगों के साथ नजर आए। तो शहर में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एडीएम सिटी विपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, सीओ सिहानी गेट आलोक दुबे तिरंगे के साथ कमान संभालते दिखे। साहिबाबाद में एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, ए एसपी साहिबाबाद अभिजीत विजय शंकर, एसडीएम निखिल, सीओ इंदिरापुरम अभय मिश्रा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील सिंह भी तिरंगा रैली में शामिल हुए और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। वहीं सोमवार की शाम एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ,सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह,एडीएम सिटी विपिन कुमार, सीओ सिहानी गेट आलोक दुबे और अंडर ट्रेनी सीओ वर्तिका सिंह ने भी शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा की। तो पुलिस ने कई इलाकों में तिरंगा रैली भी निकाली।
शहर से लेकर देहात तक नजर आई तिरंगा यात्रा की रौनक
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में अब डाक कावड़ और रेस कांवड़ शुरू हो गई है। कांवड़ यात्रा सफल हो और उसमें देशभक्ति का तड़का लगे इसके लिए पुलिस-प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से शिव भक्तों को तिरंगे वितरित किए गए। यह नजारा देहात में लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर, साहिबाबाद, इंदिरापुरम, मोहन नगर, मेरठ रोड, वर्धमानपुरम चौकी, सिहानी गेट चुंगी सहित दर्जनों इलाकों पर तिरंगा वितरण और बाइक रैली निकालकर तिरंगे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का काम किया गया।
Discussion about this post