पणजी| रक्षामंत्री मनोहर पार्रिकर और गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर विल्फ्रेड डीसूजा के निधन पर शोक जताया है। (latest news) डीसूजा (87) का निधन शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से हुआ।
रक्षामंत्री बनने से पहले गोवा के मुख्यमंत्री रह चुके पर्रिकर ने कहा कि डीसूजा ने अपने राजनैतिक करियर के चरम समय में गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में महती भूमिका निभाई थी।
पर्रिकर ने कहा, “कोंकणी को गोवा की आधिकारिक भाषा बनाने में डीसूजा के योगदान को सभी जानते हैं। डॉक्टर विल्फ्रेड डीसूजा एक अद्वितीय राजनैतिक हस्ती थे, जिन्होंने विशिष्ट रूप से समाज की सेवा की।”
गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने डीसूजा को विशिष्ट राजनेता बताया और कहा कि उनके निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है।
तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके डीसूजा को सांस लेने में तकलीफ के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह 9.15 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
युगांडा में जन्मे डीसूजा राज्य के अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं में खास स्थान रखते थे। डीसूजा सर्जन भी थे। वह तीन बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन 90 के दशक में राज्य की आयाराम-गयाराम की राजनीति की वजह से वह कभी भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में डीसूजा अगल-अलग समय में कांग्रेस, युनाइटेड गोअन्स पार्टी, गोवा राजीव कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे।
उनके निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
You must be logged in to post a comment Login