लखनऊ/गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी सभी जनपदों में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगी। (zila panchayat election) अधिकतर वार्डों में कई-कई दावेदार हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने कहा कि दावेदारों के बीच से ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया जाए जो मजबूती से चुनाव लड़ सकें। अन्य दावेदारों को पार्टी के दूसरे कामों में लगाने के लिए कहा है। श्री माथुर ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पंचायत चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रदेश महामंत्रियों के साथ इस ओर मंथन भी किया और पंचायत चुनाव की अब की तैयारियों की जानकारी जुटाई। इसके अलावा वार्ड स्तर पर कितने दावेदार सामने आए हैं, इसकी भी जानकारी ली।
उन्होंने पदाधिकारियोें को निर्देशित किया कि यह देखा जाए कि कौन सा दावेदार बेहतर चुनाव लड़ेगा। सबसे मजबूत और उपयुक्त दावेदारों को ही चुनाव में उतारा जाए। अन्य दावेदारों को महासंपर्क और सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगाया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में समन्वय का काम देख रहे पदाधिकारी-कार्यकर्ता लगातार सक्रियता बनाए रखे। वे पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से नाम काटने से लेकर आरक्षण तय करने की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखें। आगामी दिनों में भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनाव को लेकर अपना पूरा खाका तैयार कर लेगी और तैयार किये गये खाके के अनुसार ही चुनाव लड़ा जायेगा, इस संबंध में समस्त जिला एवं महानगर पदाधिकारियों को सूचित भी किया जा चुका है।
You must be logged in to post a comment Login