महिला का पति फौज में है और यह महिला को बेवजह लंबे समय से परेशान कर रहा था
गाजियाबाद, (करंट क्राइम)। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में तैनात आशिक मिजाज इंस्पेक्टर को अमरोहा की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह अपनी एक रिश्तेदार के घर में मौजूद था। इस दौरान उसका पति आ गया और इसने मौके से भागने का प्रयास किया तो छत से कूदते वक्त इसकी टांग टूट गई। इसके बाद महिला के पति ने पुलिस को सूचना देकर आरोपी इंस्पेक्टर को गिरफ्तार करवाया है। आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ अमरोहा में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला को पूर्व से जानता है और वह इसकी रिश्तेदार भी है। महिला का पति फौज में है और यह महिला को बेवजह लंबे समय से परेशान कर रहा था। उधर पुलिस कमिश्नरेट के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी इंस्पेक्टर निरंजन सिरोही पर यहां पूर्व में भी कार्रवाई चल रही थी।
रिश्तों को भी किया शर्मसार
(करंट क्राइम)। पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आशिक मिजाज इंस्पेक्टर का यह कारनामा सामने आया है। उसने रिश्तों को भी कलंकित करने का काम किया है। जिस महिला के घर से उसकी गिरफ्तारी की गई है बताया जा रहा है वह उसकी रिश्तेदारी में बहन लगती थी। इस मामले में महिला की शिकायत के बाद अमरोहा पुलिस ने एक्शन लिया था। वहीं जानकारी यह है कि पूर्व में भी इंस्पेक्टर को चेतावनी देकर लोकल थाने की पुलिस एक बार छोड़ चुकी थी।
व्हाट्सएप और कई सोशल मीडिया से करता था मैसेज
(करंट क्राइम)।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने जो एफआईआर दर्ज कराई है उसमें आरोपी इंस्पेक्टर के कई व्हाट्सएप्प नंबरों की जानकारी दी गई है। जिसमें वह बदल-बदल कर महिला को परेशान करता था और मैसेज करता था। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी आरोपी इंस्पेक्टर के कई एकाउंट्स की जानकारी भी पुलिस को मिली है। बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर महिला को युवती बनकर संदेश भेजता था। आरोपी पर पूर्व में भी कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता करने के आरोप लग चुके हैं।
Discussion about this post