मेयर सीट पर जनरल फैक्टर की संभावना और नगरपालिका परिषद में रहेगा ओबीसी फैक्टर का जोर
वरिष्ठ संवाददाता (करंट क्राइम)
गाजियाबाद। नगर निगम चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। वार्ड आरक्षण की सूची गुरुवार को आई और शुक्रवार को ये घोषणा हो गयी कि शनिवार को नगर निगम और निकाय चुनाव में मेयर और अध्यक्ष पद के आरक्षण की सूची जारी हो जायेगी। वार्ड आरक्षण से पहले ही मेयर के आरक्षण को लेकर लगातार चर्चा चल रही है। कभी चर्चा महिला ओबीसी सीट को लेकर चलती है तो कभी चर्चा एससी सीट की होने लगती है। अब चर्चा अनारक्षित सीट की है और शनिवार को मेयर सीट के आरक्षण वाले सस्पेंस से पर्दा हट जायेगा। सीट की घोषणा होगी और फिर दावेदारी का सियासी गर्दा मच जायेगा।
आरक्षण का सीन स्पष्ट होते ही मेयर सीट से लेकर नगरपालिका परिषद के दावेदारों की सूची लम्बी होती चली जायेगी। लखनऊ से लेकर दिल्ली के गलियारों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ जायेगी। आज स्पष्ट हो जायेगा कि मेयर वाली सीट किसके खाते में जायेगी और कौन सी नगरपालिका सीट कौन से आरक्षण के क्रम में आयेगी।
शनिवार दोपहर बजेंगे तीन और स्पष्ट हो जायेगा आरक्षण का सीन
गाजियाबाद नगर निगम की मेयर सीट पर कौन सा वर्ग आयेगा। लोनी से लेकर खोड़ा तक नगरपालिका परिषद में कौन से वर्ग का चेहरा आरक्षित होगा। आज यानी शनिवार को जैसे ही दोपहर के तीन बजेंगे वैसे ही अधिकारिक रूप से आरक्षण का सीन स्पष्ट हो जायेगा। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा आज तीन बजे लोक भवन मीडिया सेंटर में निकाय चुनाव के अध्यक्षीय पदों के आरक्षण के संबंध में प्रैस वार्ता करेंगे।