पटना| बिहार में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हषरेल्लास के साथ मनाया जा रहा है।(bihar latest news) राज्य में मुख्य समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया, जहां राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्र ध्वज फहराया। झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई विकास योजनाओं की चर्चा की तथा न्याय के साथ विकास पर बल देते हुए कहा कि बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ चुका है।
उन्होंने कहा, “बिहार ने विकास किया है, विकास कर रहा है, इसके और आगे जाने की योजना है। न्याय के साथ विकास के रास्ते में बढ़ते रहेंगे, अब पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन किया।
बिहार में चल रही विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “बिहार में शिक्षा की अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। लड़कियों को स्कूल भेजने के लिए साइकिल योजना आरंभ की गई। अब स्कूलों में लड़कों व लड़कियों की संख्या लगभग बराबर हो चुकी है।”
उन्होंने स्वास्थ्य और बिजली की स्थिति में सुधार करने का दावा करते हुए कहा, “हमारा नजरिया न्याय के साथ विकास का है। राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया गया है। वादा किया था कि बिजली नहीं सुधरी तो 2015 में वोट नहीं मांगेंगे। स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।”
उन्होंने कहा, “प्रत्येक क्षेत्र में काम करने की कोशिश की गई है। बहुत कुछ किया गया, बहुत कुछ बाकी है। इसलिए लोक संवाद के जरिये लोगों से आगे क्या होना चाहिए, यह जानने की कोशिश की जा रही है। लोगों से मिलने वाली सलाहों के आधार पर तथा विशेषज्ञों की भी राय जानकर उसके आधार पर एक ‘विजन डाक्यूमेंट’ तैयार किया जा रहा है।”
उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं, मध्याह्न् भोजन योजना के रसोइयों सहित निविदा पर बहाल कर्मियों के मानदेय में वृद्घि पर कहा कि इसमें राज्य सरकार अपना योगदान देगी।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर बिहार को नई उंचाइयों पर पहुंचाने और देश की प्रगति में योगदान करने की अपील की।
नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का आग्रह करते हुए कहा कि बिहार को धन नहीं चाहिए, बल्कि नीतियों का समर्थन चाहिए।
झंडोत्तोलन से पहले मुख्यमंत्री ने पैरेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर राज्य के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इसके पहले मुख्यमंत्री ने पटना के कारगिल चौक पहुंचकर शहीदों को श्रद्घांजलि दी।
इसके अलावे राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों, राजनीतिक पार्टी के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और समारोहों का आयोजन किया गया है।
You must be logged in to post a comment Login