पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से की इंपीरियल फॉर्म हाउस में नरेश उत्तम पटेल ने मुलाकात
गाजियाबाद करंट क्राइम। उत्तर प्रदेश में हुए उप चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी नए तेवर में है और अब लोकसभा चुनावों की तैयारी पर जोर दिया जा रहा है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के नेता और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल गाजियाबाद में कार्यकर्ताओं और पार्टी के पदाधिकारी से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नए जिला और महानगर अध्यक्ष को टीम अखिलेश यादव का हिस्सा बनने के लिए बधाई दी और कहा कि समाजवादी पार्टी का एक-एक सिपाही 2024 के चुनाव के लिए उनके साथ है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आवाह्Þन किया है कि मतदाता सूची में नाम चेक करें, गलत लोगों के नाम कटवाएं और मतदाता सूची में लोगों के नाम दर्ज करवाए ताकि अधिक से अधिक लोग मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाना होगा अगर प्रत्येक बूथ पर समाजवादी पार्टी ने 10 नए कार्यकर्ता जोड़ लिए तो यह है लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी जीत होगी और अखिलेश यादव सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आएंगे। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद में अधिकारियों के संग समीक्षा बैठक में भी भाग लिया। नरेश उत्तम पटेल उत्तर प्रदेश विधानसभा में सभापति के पद पर भी हैं।
एक लाख 71 हजार बूथ पर काम करेगी समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को विजय हासिल करनी है। इसके लिए एक लाख 71 हजार बूथों पर सपा के महानगर, जिलाध्यक्ष के साथ ही पार्टी के पदाधिकारी लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने इस दौरान यह भी जानकारी दी कि लोकसभा चुनाव में अगर पिछले बार भी समाजवादी पार्टी के पास तीन लाख और मतदाता होते तो वह भाजपा को शिकस्त दे सकती थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और पार्टी को मजबूत बनाने का काम करें।
भाजपा राज में बढ़ा है तानाशाही का माहौल
नरेश उत्तम पटेल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश में सामाजिक समरसता को बढ़ाने पर सपा के अलावा कोई अन्य दल जोर नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही का माहौल बढ़ाने में भाजपा सबसे आगे है। सपा तानाशाही के खिलाफ चल रही है और हमेशा उसका विरोध किया है। अखिलेश यादव ने सदैव सभी धर्म और संप्रदाय को जोड़ने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर किसानों के विरोधी होने और फसलों का एएसपी मूल्य नहीं देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री, मुख्यमंत्री और नेता केवल कागजी बयान देते हैं। क्रय केंद्र भी केवल कागजों में खुलते हैं।
सनातन धर्म पर दिए विचार से किया किनारा
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर विवादित बयान देने के मामले में किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान होगा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही इससे किनारा कर चुके हैं कि यह सपा का कोई बयान नहीं है।
कार्यकर्ताओं में जोश भर गए प्रदेश अध्यक्ष
समाजवादी पार्टी घोसी चुनाव जीतने के बाद से जोश में दिख रही है और पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को जोड़कर चल रहे हैं। गाजियाबाद में छोटे से कार्यक्रम के जरिए सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल जिला अध्यक्ष महानगर अध्यक्ष से लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व अन्य पद अधिकारियों को संगठन मजबूत बनाने और जोश भरने का काम कर गए हैं। इस दौरान उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता अभिषेक गर्ग से मुलाकात की।
समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को कर गए पास
नरेश उत्तम पटेल उत्तर प्रदेश में सभापति के दायित्व को भी संभालते हैं। वह मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पहुंचे वहां उन्होंने जिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक की। यहां वह सरकार के उन कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा करने आए थे जो विधान सभा में प्रस्तुत किए जाते हैं। उन्होंने बातचीत करते हुए जानकारी दी है कि गाजियाबाद के संबंध में जो विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया था, उसमें लगभग अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं जो कुछ कार्य बचे हुए हैं उनको जल्द से जल्द पूरा करने का जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने भरोसा जताया है। कुल मिलाकर वह समीक्षा बैठक में आए और यहां के विकास कार्यों पर मोहर लगाते हुए उनको पास कर गए हैं।
—
प्रदेश अध्यक्ष के साथ फोटो लेने का दिखा जोर
समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। तो प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के पहुंचने पर कार्यकर्ताओंं और पदाधिकारी में जोश और उत्साह भी नजर आया। गोविंदपुरम स्थित इंपीरियल फार्म हाउस में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ और प्रमुख पदाधिकारी व नए कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर जोश में दिखाई दिए। इस दौरान मंच पर कार्यकर्ताओं की खचाखच भीड़ बढ़ गई और पत्रकारवार्ता के दौरान भी कई कार्यकर्ताओं ने कक्षा में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन, सपा महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रदेश सचिव धर्मवीर डबास, वरिष्ठ सपा नेता अभिषेक गर्ग, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी, ऋतु खन्ना, राज देवी चौधरी, पूर्व विधानसभा उम्मीदवार विशाल वर्मा ,अमन यादव, अजय खरखोदिया, हाजी परवेज सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—
Discussion about this post