लखनऊ| उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर सहित विभिन्न शहरों में आज सावन के दूसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव का दर्शन करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है।(uttar pradesh hindi news) सूत्रों के अनुसार, काशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार तड़के से ही लोग जलाभिषेक कर रहे हैं। सुबह 11 बजे तक हजारों की संख्या में श्रद्घालु जलाभिषेक कर चुके थे। इसके लिए लोग रात से ही कतार में लगे थे। प्रात: चार बजे मंगला आरती के बाद दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। यहां लोग जयकारों के साथ बाबा विश्वनाथ के पूजा-दर्शन कर रहे हैं।
भगवान महादेव का पुष्प, दुग्ध, शहद, घी व चंदन से रुद्राभिषेक किया जा रहा है।
इसके साथ ही मरकडेय महादेव (कैथी) के जलाभिषेक को लोग बड़ी संख्या में उमड़े हैं। संतकबीरनगर के तामेश्वरनाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को आज भगवान शिव के जलाभिषेक को भक्त उमड़े हुए हैं।
बांदा से मिली खबर के अनुसार, बांदेश्वर पर्वत पर श्रद्घालुओं की भीड़ है। यहां भक्त गर्भ गुफा में शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं। यहां ओम नम: शिवाय जप के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि गोरखपुर में भी भक्तों की भीड़ है। यहां के मंदिरों में आधी रात से भक्त जलाभिषेक कर रहे हैं।
You must be logged in to post a comment Login