लखनऊ| कुख्यात डकैत फूलन देवी को लोकसभा का टिकट देकर सांसद बनाने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव से अब आतंकवादी याकूब मेमन की पत्नी राहीन मेमन को सांसद बनाने की मांग की गई है। (uttar pradesh samajwadi party news)मुंबई में सपा के प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष ने मुलायम को पत्र लिखकर यह मांग की है।
समाजवादी पार्टी मुंबई के उपाध्यक्ष मोहम्मद फारुक घोसी ने 1993 मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन को फांसी के बाद उसकी पत्नी राहीन को सांसद बनाने की मांग को लेकर एक पत्र लिखा है।
घोसी ने इस पत्र में मुलायम सिंह यादव को जमकर महिमा मंडित किया है। उन्होंने लिखा है कि याकूब की फांसी के बाद उनके मन में कुछ सवाल खड़े हो रहे हैं और उन्हीं से परेशान होकर उन्होंने यह पत्र लिखा है।
पत्र में घोसी ने लिखा है कि कोर्ट ने याकूब को दोषी करार दिया और पत्नी राहीन मेमन को बरी कर दिया, जो उसके साथ गिरफ्तारी के बाद कई वर्ष तक जेल में रही। उसने इस दौरान कितनी तकलीफ सही होगी।
उन्होंने आगे लिखा है कि हम समाजवादियों की एक खूबी है कि मन की बात कहना जरूरी है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि याकूब की फांसी के बाद कई मुस्लिम अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं। ऐसे में राहीन को सांसद बनाकर मजलूम और असहाय लोगों के लिए पार्टी को काम करना चाहिए।
अंत में उन्होंने यह भी साफ किया है कि येउनके निजी विचार हैं, यदि इसमें कुछ भी गलत लगा हो तो उनको माफ कर दिया जाए।
You must be logged in to post a comment Login