निगम सिस्टम को बताया दोषी, कार्यप्रणाली में सुधार करने के दिये निर्देश
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। मेयर सुनीता दयाल लगातार सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रही है। उनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किये जा रहे है। निरीक्षण के दौरान मेयर को तमाम खामियां मिल रही है। अभी हाल ही में मेयर सुनीता दयाल ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को आड़े हाथों लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से करोड़ों रुपए की गाड़ियों को कबाड़ में तब्दील होने के आरोप लगाए थे। शुक्रवार को मेयर ने सिटी जोन का निरीक्षण कर नगर निगम के रिटायर्ड कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कंपनी के लोगों को मौके पर काम करते हुए पकड़ा था।
जिसके बाद जोनल प्रभारी को सख्त निर्देश देते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति न होने के निर्देश दिये थे। शनिवार को भी मेयर अचानक सुबह 6 बजे विजय नगर पहुंच गई। जहां मेयर सुनीता दयाल को तमाम कर्मचारी अनुपस्थित मिले और जगह-जगह गंदगी के ढ़ेर लगे हुए मिले। कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बंद मिला। तमाम खामियां मिलने पर मेयर का पारा हाई हो गया और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार करने के सख्त निर्देश दिये।
विभिन्न वार्डों में मिली गंदगी
(करंट क्राइम)। मेयर सुनीता दयाल ने वार्ड-55, 15 और 25 का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन वार्डों में भी तमाम कमियां मिली। जगह-जगह गंदगी के ढ़ेर लगे हुए थे। गऊशाला पुलिस चौकी से एनएच-9 तक सेंट्रल वर्ज में गंदगी के अंबार मिले। उसके उपरांत मेयर तिगरी गोल चक्कर पहुंची। जहां सफाई की अत्यधिक आवश्यता थी। क्योंकि गोल चक्कर में फल वाले खड़े होते है, जो गंदगी वही छोड़ जाते है। महापौर ने मौके पर सफाई निरीक्षक को बुलाकर गोल चक्कर से बाहर फल वालों को खड़े करने एवं रोजाना सफाई कराने के निर्देश दिए।
10 कर्मचारी मिले गैरहाजिर
(करंट क्राइम)। मेयर सुनीता दयाल ने हाजिरी स्थल पर देखा कि ई-रिक्शा टूटी पड़ी हुई थी और ठेले भी काफी जर्जर हालत में थे। मौके से कर्मचारी नदारद थे। जिसके बाद मेयर ने कर्मचारियों के बारे में सुपरवाइजर से पता किया तो पता चला कि 10 कर्मचारी गैरहाजिर थे। जिस पर स्थानीय पार्षद ने बताया कि ये रोज की कहानी है, प्रतिदिन कई कर्मचारी गैरहाजिर रहते है। जिसमें आज तक कोई कार्यवाही नही हुई है।
क्षेत्र में नहीं पहुंचता माली
(करंट क्राइम)। शनिवार सुबह मेयर सुनीता दयाल सबसे पहले वार्ड-58 के ए ब्लॉक पार्क पहुंची। जहां मेयर को तमाम गंदगी मिली। जिसके बाद मेयर ने क्षेत्रवासियों से वार्ता की। क्षेत्रवासियों ने मेयर को बताया कि क्षेत्र में कोई भी माली तक नहीं आता है। नियमित सफाई भी नहीं होती है। क्षेत्र में गंदगी के अंबार लगे रहते है।
ठेकेदार ने खराब करके दी रोड स्वीपिंग मशीन
(करंट क्राइम)। मेयर के निरीक्षण के दौरान तिगरी गोल चक्कर पर महापौर को रोड स्वीपिंग मशीन सफाई करती मिली। जिसे रोककर मेयर ने बात की। जिस पर रोड स्वीपिंग मशीन के ड्राइवर ने बताया कि यह गाड़ी आज शनिवार को ही लायी गयी है। इससे पहले यह मशीन ठेकेदार के द्वारा चलाई जाती थी। लेकिन जिस अवस्था में हमने मशीन कम्पनी को दी थी, उस अवस्था में हमें वापिस नही दी गयी है। मशीन में तमाम कमियां है। जिसके संबंध में नगर स्वास्थ्य अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है।
करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी पटरी पर नहीं आ पा रही व्यवस्थाएं
(करंट क्राइम)। मेयर सुनीता दयाल का कहना है कि सिटी जोन, विजयनगर जोनल कार्यालय में निरीक्षण के दौरान तमाम खामियां मिली है। नगर निगम में भी सिस्टम पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। निगम अधिकारी, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों पर ज्यादा भरोसा कर रहे है। जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लगे हुए है। कूड़े के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से करोड़ों रुपए की गाड़ियां कंडम हो रही है। एक दुर्घटना के कारण 2020 से पुलिस चौकी पर खड़ी करोड़ों रुपए की मशीन कबाड़ में तब्दील हो गई है। विभिन्न जोनों में करोड़ों रुपए की गाड़ियां कबाड़ में बदल रही है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की शह पर हाउस टैक्स कम किये जा रहे है। अधिकारी फाइल देने में आनाकानी करते है। यदि फाईल आती भी है तो कागज गायब कर दिये जाते है।
स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन मिला बंद
(करंट क्राइम)। मेयर विजय नगर स्थित स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन भी निरीक्षण करने के लिए पहुंची। जहां मेयर ने देखा कि ट्रांसफर स्टेशन बन्द है। जिसको लेकर बताया गया कि लगभग 1.5 माह से यहां कार्य बन्द है। उसके बाद मेयर सुनीता दयाल मोहन नगर जोन गयी। वहां देखा कि मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन के सामने कुछ ठेले वाले कूड़ा डाल रहे है। जिनको मौके पर ही मेयर ने पकड़ा और पूछा तो व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि ओयो होटल सहित प्राइवेट कूड़ा उठाया जा रहा है। जिस पर मेयर ने मौके पर सफाई निरीक्षक को बुलाकर कार्यवाही के निर्देश दिए।
क्षेत्र में सड़क निर्माण की हैं आवश्यकता, जल्द होंगे निर्माण: मेयर
(करंट क्राइम)। मेयर सुनीता दयाल ने निरीक्षण के दौरान देखा कि बहुत से स्थानों पर सड़क जर्जर हालत में हैं। जिनको बनाया जाना अति आवश्यक है। इसलिए मेयर ने कुछ सड़कें ए ब्लॉक मवई, संडे बाजार रोड, शालीमार गार्डन एवं राजेन्द्र नगर मैन रोड की सड़कें बनवाने के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गए।
Discussion about this post