- 2024 के चुनावी रण का आगाज हो चुका है। पहले चरण और दूसरे चरण का मतदान भी हो चुका है। मतदाताओं को लुभाने में किसी भी दल ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। भाजपा ने इस बार अपने घोषणापत्र को जहां संकल्प पत्र नाम दिया, वहीं कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को न्याय की गारंटी नाम दिया है। यहां सबसे रोचक बात यह है कि यह मुकाबला एनडीए गठबंधन बनाम इंडी गठबंधन भी नहीं कहा जा सकता है, क्योंकि यूपी-बिहार, पंजाब, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और दिल्ली में भले ही कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है, लेकिन उनके घोषणापत्र अलग-अलग है। पढ़िए 2024 के चुनावी रणक्षेत्र में राजनीतिक दलों के पास क्या-क्या ब्रह्मास्त्र हैं।
————
देश की दो मुख्य पार्टियां होने के नाते भाजपा और कांग्रेस के घोषणापत्र की तुलना होना स्वभाविक है। सबसे पहले भाजपा के संकल्प पत्र की बात करते हैं। देखते हैं कि बीजेपी के लिए आखिर क्या सबसे बड़े चुनावी मुद्दे हैं। गौरतलब है कि मोदी की गारंटी शीर्षक से, 2024 चुनावों के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। यह सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ महिलाओं, युवाओं, वंचितों और किसानों पर केंद्रित है। भाजपा के घोषणापत्र में 24 गारंटियां दी गई हैं, जिनमें सभी को स्वास्थ्य बीमा, सीमापार घुसपैठ पर नकेल, बुलेट ट्रेनों का संचालन, सभी के लिए बीमा योजना और सभी को पक्का घर देने का वादा आदि प्रमुख हैं।
——
पीएम मोदी की 24 गारंटियां
-भाजपा ने ऐलान किया है कि 80 करोड़ परिवारों को पांच और साल मुफ्त राशन स्कीम का फायदा दिया जाएगा।
-70 साल से ज्यादा के सभी बुजुर्गों को आयुष्मान योजना में लाने का वादा किया गया है।
-ट्रांसजेंडर्स को भी इस योजना के दायरे में लाया जाएगा। भाजपा ने ऐलान किया है कि हर गरीब को पक्का घर देने की योजना जारी रहेगी। अब तक चार करोड़ घर बनाए गए हैं और आने वाले दिनों में तीन करोड़ घर और बनाए जाएंगे।
-अभी सस्ते सिलेंडर घर-घर पहुंचाए हैं, अब पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर भेजी जाएगी।
-भाजपा ने वादा किया है कि एक देश, एक चुनाव के वादे के साथ आगे बढ़ेंगे।
-भाजपा ने देशहित में समान नागरिक संहिता लागू करने की संभावनाएं तलाशने की भी बात कही है।
-भाजपा ने पूरे देश में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार करने का वादा किया है।
-वंदे भारत ट्रेनों के तीन मॉडल देश में संचालित होंगे, जिनमें वंदेभारत स्लीपर, वंदे भारत चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो शामिल होंगी।
-अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम लगभग पूरा होने वाला है। उत्तर भारत में भी बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। साथ ही दक्षिण भारत और पूर्वी भारत में भी बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी।
-भाजपा ने सभी को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने का भी वादा किया है। साथ ही मछुआरों को भी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा।
-भाजपा ने घोषणा पत्र में बताया कि एक करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर सशक्त किया है। अब तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का वादा किया है।
– औद्योगिक और व्यवसायिक क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें शिशुगृह जैसी सुविधाएं भी होंगी।
-भाजपा ने मुद्रा योजना के विस्तार का वादा किया है। इसके तहत तरुण श्रेणी में समय पर लोन चुकाने वाले उद्यमियों के लिए मौजूदा क्रेडिट सीमा को बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाएगा।
-भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने, योग, आयुर्वेद, भारतीय भाषाओं, शास्त्रीय संगीत के प्रशिक्षण देने के लिए दुनियाभर में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
– पिछले 10 वर्षों में 31 हजार किलोमीटर रेलवे पटरियों का निर्माण किया गया है। अगले कुछ वर्षों में हर साल 5 हजार किलोमीटर नई पटरियां जोड़ी जाएंगी।
-भारत नेट से देश की 2 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड से जोड़ा गया है। आने वाले समय में सभी ग्राम पंचायतों को भारत नेट से जोड़ा जाएगा।
-किसानों के लिए भाजपा ने कीटनाशकों के प्रयोग, सिंचाई, मिट्टी की गुणवत्ता, मौसम पूर्वानुमान जैसी कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए एक स्वदेशी भारत कृषि सैटेलाइट लॉन्च करने का ऐलान किया है।
– ट्रक ड्राइवरों के लिए एक नई योजना शुरू करके राष्ट्रीय राजमार्गों पर उनके लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
– छोटे व्यापारियों और एमएसएमई को आग, चोरी, प्राकृतिक आपदाओं जैसी दुर्घटनाओं से बचाने के लिए किफायती बीमा प्रोडक्ट्स शुरू किए जाएंगे।
-साल 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के चलते जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
—
घोषणापत्र समिति
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बनाई गई थी। इसी समिति ने घोषणापत्र तैयार किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस समिति की संयोजक हैं। घोषणापत्र जारी करने के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे देश को भाजपा के संकल्प पत्र का बहुत इंतजार रहता है। इसका एक बड़ा कारण है। 10 वर्षों में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के हर बिंदु को गारंटी के रूप में जमीन पर उतारा है। भाजपा ने घोषणापत्र की सूचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ, युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब, किसान, इन सभी को सशक्त करता है। इस संकल्प पत्र में अवसरों की मात्रा और अवसरों की गुणवत्ता पर जोर दिया गया है।
———————————————————
कांग्रेस का न्यायपत्र
- कांग्रेस के लोकसभा चुनाव के घोषणापत्र में लोकलुभावन वादों की भरमार है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में दस न्याय और 25 गारंटियां देने का ऐलान किया है। जिनमें युवा न्याय, हिस्सेदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय, संवैधानिक न्याय, आर्थिक न्याय, राज्य न्याय, रक्षा न्याय, पर्यावरण न्याय शामिल हैं।
—-
कांग्रेस के घोषणापत्र की 10 बड़ी बातें
1- कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में वादा किया है कि वह केंद्र सरकार में विभिन्न स्तरों पर स्वीकृत लगभग 30 लाख रिक्त पदों को भरेगी। साथ ही उसने राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 400 प्रतिदिन करने की गारंटी दी है।
2- कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में किसानों से वादा किया है कि वह स्वामीनाथन आयोग की सिफारिसें लागू करेगी।
3. न्याय पत्र में गारंटी दी है कि कांग्रेस की सरकार आने पर वह लोगों को उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 25 लाख तक के कैशलेस बीमा की व्यवस्था करेगी।
4. कांग्रेस ने अपने न्याय पत्र में जाति जनगणना का वादा किया है। जिसमें कहा गया है कि सरकार में आने पर जातियों और उप-जातियों की संख्या और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के बारे में पता लगाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक-आर्थिक सर्वे होगा। पार्टी ने एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर लगे 50 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाने के लिए एक संवैधानिक संशोधन पारित करने का वादा किया है।
5 कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में अल्संख्यक को लेकर वादा किया है। जिसके अनुसार पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक नागरिक की तरह, अल्पसंख्यकों को भी बराबरी का हक मिले। पहनावे, खान-पान, भाषा और व्यक्तिगत कानूनों की पसंद की स्वतंत्रता मिले। पार्टी ने कहा है कि हम व्यक्तिगत कानूनों में सुधार को प्रोत्साहित करेंगे। हम ऐसा कोई भी सुधार संबंधित समुदायों की भागीदारी और सहमति से करने की कोशिश करेंगे।
6. कांग्रेस ने वादा किया है कि वह व्यापक परामर्श के बाद, एलजीबीटी समुदाय से संबंधित जोड़ों को बराबरी का हक दिलाने के लिए काम करेगी। उन्हें नागरिक संघों को मान्यता देने के लिए एक कानून लाएगी। पार्टी ने वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और विकलांग व्यक्तियों के लिए पेंशन राशि को बढ़ाकर 1,000 प्रति माह करने का भी वादा किया है।
7. कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सरकारी परीक्षाओं और सरकारी पदों के लिए आवेदन शुल्क समाप्त करने का वादा किया है। साथ ही पार्टी ने कहा है कि वह 15 मार्च 2024 तक के सभी एजुकेशन लोन माफ कर देगी और बैंकों को हुई क्षति की पूर्ति सरकार मुआवजा देकर करेगी। कांग्रेस ने 2025 से महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की आधी (50 प्रतिशत) नौकरियां आरक्षित करने का वादा अपने न्याय पत्र में किया है।
8. कांग्रेस ने प्रत्येक गरीब भारतीय परिवार को बिना शर्त प्रति वर्ष 1 लाख कैश ट्रांसफर का वादा किया है। इसके लिए पार्टी महालक्ष्मी योजना शुरू करेगी। पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में कहा है कि वह देश के तेज विकास और धन सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए कांग्रेस ने अगले 10 साल में जीडीपी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस ने कहा कि वह फर्जी खबरों और पेड न्यूज के खतरे से निपटने के लिए इंडियन प्रेस काउंसिल एक्ट, 1978 में संशोधन करेगी।
9. कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा कि वह सरकार में आने पर भाजपा/एनडीए सरकार द्वारा बनाए गए जीएसटी कानूनों को जीएसटी 2.0 से बदल देगी। नई व्यवस्था के तहत सिर्फ एक जीएसटी स्लैब होगा (कुछ अपवादों के साथ) जिससे गरीबों पर बोझ नहीं पड़ेगा।
10. कांग्रेस ने अपने न्याय पत्र में चुनाव कानूनों में संशोधन करने का वादा किया है। पार्टी ने कहा है कि मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा, लेकिन वोटिंग के बाद रसीद मतदाता को प्राप्त होगी और वह अपने हाथ से इसे वोटर-वेरिफाइड पेपर आॅडिट ट्रेल यूनिट में डालेगा। हर ईवीएम के वोटों का मिलान उसके साथ जुड़े वीवीपैट में पड़ी पर्ची से किया जाएगा। कांग्रेस के मुताबिक इससे ईवीएम की एफिशिएंसी और ट्रांसपेरेंसी सुनिश्चित होगी।