मुंबई। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा रविवार सुबह अभिनेता सलमान खान के घर के बांद्रा पश्चिम स्थित घर पर जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार घटना को मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने दो अज्ञात व्यक्तियों ने अंजाम दिया। वे तेजी से आए और गैलेक्सी अपाॅर्टमेंट की दिशा में कम से कम चार गोलियां चलाईं।
गौरतलब है कि कई सालों से, सलमान खान और उनके परिवार को बिश्नोई गिरोह जैसे पंजाब स्थित कुछ माफिया समूहों से मौत की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। अभी यह स्पष्ट पता नहीं चला है कि गोलीबारी के समय सलमान खान घर पर थे या नहीं। घटना की जानकारी मिलने पर, बांद्रा पुलिस की एक टीम खान के घर पहुंची और जांच शुरू की, और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा भी कड़ी कर दी। पुलिस शूटरों का पता लगाने के लिए इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बैलिस्टिक विशेषज्ञों के साथ अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और इमारत के प्रवेश द्वार पर एक गोली का निशान पाया। सलमान खान संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं। इसमें उनके माता-पिता, भाई और उनके रिश्तेदार शामिल हैं। वे उपनगरीय उत्तर-पश्चिम मुंबई के सुरम्य बांद्रा समुद्र तट क्षेत्र में ऐतिहासिक गैलेक्सी अपाॅर्टमेंट में रहते हैं।
सलमान खान को मिली धमकियों के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया है। उन्हें बंदूक के लाइसेंस के लिए परमिट जारी किया है। पिछले साल अभिनेता ने अतिरिक्त सुरक्षा के रूप में एक नई बुलेट-प्रूफ एसयूवी खरीदी थी।