धौलाना, करंट क्राइम। योगी आदित्यनाथ इन दिनों पश्चिम यूपी को आगामी लोकसभा में मजबूत बनाने के लिए ताबड़तोड़ सभाएं और रोड शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के पिलखुवा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है। बहन-बेटी-व्यापारी सुरक्षित हुआ है। साथ ही 1947 में पाकिस्तान बना। आज पाकिस्तान में 22 करोड़ की आबादी भूखे मरने की स्थिति में है, जबकि भारत में मोदी सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। मोदी सरकार में देश सुरक्षित है।
बोले योगी बिना भेदभाव के काम कर रहे हैं मोदी
करंट क्राइम : यूपी के सीएम योगी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना भेदभाव के सबका काम कर रहे हैं। देश मजबूत हो रहा है। इसी के साथ जहां कभी दंगे लोगों के जीवन को रोकते थे वहां अब यात्राएं आयोजित हो रही हैं।
500 वर्षों बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर अपना जन्मोत्सव मनाने का अवसर मिला : योगी
करंट क्राइम : योगी आदित्यनाथ ने कहा, कल अयोध्या में 500 वर्षों बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर अपना जन्मोत्सव मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। कल अयोध्या में जो हुआ, क्या सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकार में ये हो पाता? क्या वे पार्टियां राम मंदिर का निर्माण करवा पातीं? विपक्षी सरकारों ने तो उत्तर प्रदेश को दंगा और कर्फ्यू की चपेट में ला दिया था। आज इस क्षेत्र में बिना रोकटोक कांवड़ यात्रा भव्य तरीके से निकलती है।
पिलखुवा और धौलाना से मुझे मिलेगा भरपूर आशीर्वाद : अतुल गर्ग
करंट क्राइम: भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग का कहना है कि पिलखुवा और धौलाना के लोग उनसे कभी नाराज नहीं हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह जब उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री थे, तो यहां के लोगों के किसी भी शिकायती पत्र को मिलने पर तत्काल इसका संज्ञान लेते थे और खुद फोन नंबर पर लोगों से बातचीत पर उनकी समस्या को हल करवाने का काम करते थे। इस दौरान मंच से मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में अतुल गर्ग ने यहां के लोगों को भरोसा दिलाया है कि धौलाना और पिलखुआ का विकास और यहां की स्थिति बदलने के लिए वह संसद भवन में अपनी पूरी ताकत लगा देंगे। इसके बाद स्थानीय लोगों और वहां मौजूद कार्यकतार्ओं ने मोदी सरकार और योगी जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
मोदी सरकार ने दी मेट्रो सुविधा
करंट क्राइम : मुख्यमंत्री ने कहा, साल-2014 में जब नरेंद्र मोदी की सत्ता आई, तब देश के 5 शहरों में मेट्रो थी। आज देश के 20 शहरों में मेट्रो सुविधा है। इसमें छह शहर सिर्फ उत्तर प्रदेश के हैं। तब 7 एम्स थे, आज 22 एम्स हैं। स्ट्रक्चर ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। आज की पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है। बहन-बेटी-व्यापारी सुरक्षित हुआ है।
मंच पर नजर आए ये चहरे
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा के पश्चिम यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग, विधायक धर्मेश तोमर, लज्जा रानी गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर मौजूद रहे।