गाजियाबाद करंट क्राइम। कुछ समय पूर्व 15वें वित्त आयोग के फंड से 14 प्रस्तावित कार्य कराए जाने की प्रक्रिया शुरु की गई थी। इन प्रस्तावित कार्यों में विजयनगर जोन से लेकर मोहननगर, वसुंधरा और कविनगर जोन से संबंधित विभिन्न विकास कार्य शामिल थे। इन निर्माण कार्यों की सूची में नगर निगम द्वारा कविनगर जोन के अंतर्गत डंपिंग ग्राउंड पर एप्रोच सड़क का निर्माण का कोई कार्य नही दर्शाया गया था। क्योंकि यह कार्य निगम सीमान्तगर्त क्षेत्र के बाहर होना था, इसलिए इस पर कोई चर्चा भी संभव नही थी। ताज्जुब यह है कि कार्य प्रस्तावित व चर्चा न होने के बावजूद भी इस कार्य के लिए निर्माण विभाग द्वारा निविदा मांग ली गई है, यह कार्य नगर निगम के सीमा क्षेत्र से बाहर है। कार्य प्रस्तावित न होने और चर्चा न होने के बाद भी टेण्डर और निगम सीमा से बाहर के कार्य के लिए निविदा आमंत्रित करने पर मेयर सुनीता दयाल ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए टेण्डर निविदा को रोकने के आदेश दिये है। नगर निगम की कार्यप्रणाली का यह हाल तब है जब मेयर सुनीता दयाल पूर्व में भी स्पष्ट कर चुकी है कि नगर निगम द्वारा अभी निगम सीमा क्षेत्र के बाहर कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। सबसे पहले नगर निगम अपने सीमा क्षेत्र के अंदर विकास कार्य कराएगा। लेकिन उसके बाद भी निर्माण विभाग द्वारा टेंडर निविदा निकाल दी गई है।
निगम सीमा से बाहर नहीं होंगे काम: सुनीता दयाल
करंट क्राइम। इस मामले को लेकर मेयर सुनीता दयाल का कहना है कि कविनगर जोन के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया में डाला गया है। जबकि पाईप लाईन रोड नगर निगम एवं कविनगर जोन की सीमा से बाहर है। मेयर का कहना है कि वह पूर्व में भी अवगत करा चुकी है कि नगर निगम सीमा से बाहर कोई भी कार्य नही कराए जाएंगे। उसके बाद भी उक्त कार्य को निविदा के लिए आॅनलाइन डाला गया है, जो उचित नही है। इसलिए सड़क निर्माण के कार्य की टेण्डर निविदा को तत्काल रोकने के निर्देश दिये गये है।