आॅटो में सवार घायलों को रेस्कयू के बाद निकाला गया बाहर
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। शुक्रवार की रात जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य घायलों को आॅटो को काटकर बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस व राहत दल पहुंचा था। हादसे के बाद देर रात तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। गाजियाबाद नए बस अड्डे के पास फ्लाईओवर पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर तेज स्पीड में उल्टा चलने लगा। जानकारी के मुताबिक, रात साढ़े 12 बजे ट्रक महामाया स्टेडियम के सामने बने फ्लाईओवर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। ओवरलोड होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर आगे जाने के बजाय पीछे दौड़ने लगा।
ट्रक सीमेंट से भरा था, जिसकी वजह से वो फ्लाईओवर पर नहीं चढ़ पाया। पीछे चल रहे दो आॅटो और बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में आॅटो सवार दो युवकों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। छह लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। फ्लाईओवर की दीवार से टकराकर रुका ट्रक पुलिस ने बताया कि ट्रक फ्लाईओवर पर तेजी से चल रहा था। उसके पीछे ही कई वाहन चल रहे थे। ट्रक ओवरलोड था, इसलिए फ्लाईओवर पर वह नहीं चढ़ पाया। ऐसे में ट्रक बैक होना शुरू हो गया। उस वक्त ट्रक ढलान पर था, इसलिए बैक होने की रफ्तार बढ़ती गई। पीछे चल रहे वाहन इसकी चपेट में आते गए। पहले ट्रक ने आॅटो रौंद दिया। इसके बाद आॅटो के पीछे आ रही बाइक और फिर एक अन्य आॅटो को रौंदते हुए ट्रक फ्लाईओवर की दीवार पर जाकर रुका। रात में गश्त कर रही पुलिस हादसे की खबर पाकर तुरंत मौके पर पहुंची।
घायलों को निकालने में छूटा पसीना
(करंट क्राइम)। हादसे में आॅटो के परखच्चे उड़ गए। इसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए आॅटो को कटर मशीन से कटवाना पड़ा। तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। बाकी 8 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की तलाश की जा रही है। जल्द उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। इस हादसे में आॅटो ड्राइवर सुनील (32 साल) निवासी छपरौला (बादलपुर) ग्रेटर नोएडा और विशाल यादव निवासी अर्थला गाजियाबाद की मौत हुई है। योगेश गिरी, गिरीश, दीपचंद, इसरारख् समीर, जगमोहन सिंह, योगेंद्र घायल हुए हैं। योगेश और गिरीश को छोड़कर बाकी अन्य घायलों को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया है कि जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।
Discussion about this post