वसुंधरा के सिल्वर स्पून होटल में आयोजित होगा यह कार्यक्रम
वरिष्ठ संवाददाता (करंट क्राइम)
गाजियाबाद। लोकसभा सांसद व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह की धर्मपत्नी भारती सिंह भले ही राजनीति में सक्रिय रूप से रूचि नहीं लेती है लेकिन गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में वो भगवा महिला चेहरों के साथ कई बार परिवार की तरह मिलती है। उन्हें शुभकामनाएं भी देती है और उन्हें अपने यहां कई कार्यक्रमों में आमंत्रित भी करती है। जब महिला मोर्चा का गठन हुआ था तो भारती सिंह के राजनगर स्थित आवास पर स्वागत कार्यक्रम हुआ था। दिल्ली में भी चाय पर मुलाकात हुई थी। भारती सिंह का ये अंदाज हमेशा से भाजपा की महिला टोली को पसंद आता है।
एकबार फिर से भारती सिंह गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में मातृ सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। 4 फरवरी को यह सम्मेलन वसुंधरा के सेक्टर 18 स्थित सिल्वर स्पून होटल में आयोजित होगा। 4 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक इस सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
निमंत्रण में है रानी लक्ष्मीबाई मगर भाजपा नजर नहीं आई
भारती सिंह हमेशा से इस बात का विशेष ध्यान रखती है कि उनके किसी भी कार्यक्रम से जनरल वीके सिंह पर परिवारवाद की राजनीति का कोई आक्षेप नहीं आना चाहिए। वह खुद को समाज सेवा और पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ जोड़कर रखती है लेकिन सियासत से खुद को दूर रखती है। जब भारती सिंह मातृ सम्मेलन का आयोजन कर रही है तो यहां उनके निमंत्रण पत्र पर रानी लक्ष्मीबाई तो नजर आई है लेकिन भाजपा नजर नहीं आई है।
उन्होंने निवेदक के रूप में अपना नाम दिया है और साथ में धर्मपत्नी जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह (सेवानिवृत), सांसद, गाजियाबाद एवं सड़क परिवहन राज्यमार्ग तथा नागर विमानन राज्यमंत्री लिखा है। मातृ सम्मेलन को उन्होंने कमल के फूल और भाजपा से दूर रखा है। इसका विजन भी स्पष्ट है और रीजन भी स्पष्ट है।
मातृ सम्मेलन में दिखेगी भगवा महिला दल की टोली
भारती सिंह मातृ सम्मेलन का आयोजन करा रही है। ऐसे में ये स्पष्ट है कि भगवा महिला दल की टोली यहां प्रमुखता के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। इस कार्यक्रम में निमंत्रण सभी को प्राप्त होगा और भगवा महिला टोली को भारती सिंह का सान्निध्य भी प्राप्त होगा। यहां पर भाजपा महिला राजनीति का नरम दल भी रहेगा और गरम दल भी रहेगा। मातृ सम्मेलन से ही कई चीजों का भी संदेश जाना है। कौन सा चेहरा अगली दावेदारी में किस छोर से आना है इसका भी एक संदेश इसी सम्मेलन से जाना है।
Discussion about this post