नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 का पहला चरण खास इसलिए है क्योंकि पहले चरण के चुनाव में 16.63 करोड़ मतदाता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल सहित कुल 8 केंद्रीय मंत्रियों, 2 पूर्व मुख्यमंत्रियों और एक पूर्व राज्यपाल सहित 1,605 प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य का फैसला करेंगे। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 102 संसदीय सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। पहले चरण में लोकसभा की 102 सीटों के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा की 92 सीटों के लिए भी मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। उम्रदराज और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
बता दें कि सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नागपुर लोकसभा क्षेत्र से तीसरी बार जीतने का प्रयास कर रहे हैं। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री किरेन रिजिजू अरुणाचल पश्चिम सीट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार नबाम तुकी के सामने हैं। केंद्रीय जहाजरानी जल मार्ग और बंदरगाह मंत्री सर्बानंद सोनोवाल असम के डिब्रूगढ़ से चुनावी मैदान में हैं केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान यूपी की मुजफ्फरनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पहले चरण में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के चुनावी भविष्य का निर्णय ऊधमपुर सीट पर होने जा रहा है। बीजेपी कैंडिडेट जितिन प्रसाद उत्तर प्रदेश की पीलीभीत लोकसभा सीट से ताल ठोंक रहे हैं। कांग्रेस से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ छिंदवाडा से भाग्य आजमा रहे हैं।ज्ञात हो कि मतदान करने के लिए 1.87 लाख केंद्र बनाए गए हैं और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 18 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है। आज 102 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों (सामान्य- 73, एसटी- 11, एससी-18) और अरुणाचल और सिक्किम में राज्य विधानसभा चुनावों में 92 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है। पहले चरण में अन्य चरण की अपेक्षा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या सबसे अधिक है। इसके अलावा मतदान और सुरक्षा कर्मियों को लाने-ले जाने के लिए 41 हेलीकॉप्टर, 84 विशेष ट्रेनें और लगभग 1 लाख वाहन तैनात किए गए हैं। मालूम हो कि पहले चरण में अन्य 6 चरणों के मुताबिक सबसे ज्यादा सीटों पर मतदान होगा।