गाजियाबाद (करंट क्राइम)। इस बार लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस दोनों चुनावी गठबंधन में हैं। सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें चुनाव लड़ने के लिए दी है। इन सीट में गाजियाबाद सीट भी शामिल हैं। यहां पर कांग्रेस और सपा के नेता दोनों ही मिलकर गठबंधन के उम्मीदवार डॉली शर्मा को चुनाव लड़ा रहे हैं। चुनाव प्रचार जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे वैसे बड़े नेताओं का हैलीकाप्टर गाजियाबाद की तरफ रूख कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां रोड शो कर चुके हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उड़नखटोला भी पुलिस लाईन में उतर चुका है। बसपा की सुप्रीमो मायावती भी गाजियाबाद आ रहीं है और इन सबके बीच खबर ये है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गाजियाबाद में चुनाव प्रचार के लिए आयेंगे। ये बताया जाता है कि अखिलेश यादव 17 अप्रैल को गाजियाबाद आ सकते हैं। वह गाजियाबाद में रोड शो करेंगे या जनसभा को सम्बोधित करेंगे इसे लेकर सपा में बात चल रही है। कांग्रेस और सपा की चुनाव लड़ाने वाली टीम के बीच मंथन चल रहा है। दैनिक करंट क्राइम ने जब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गाजियाबाद आगमन को लेकर सपा के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन से बात की तो उन्होंने इस बात की पुष्टि की लेकिन तारीख को लेकर उन्होंने कहा कि अभी यह कन्फर्म है लेकिन हमारी चर्चा पार्टी आलाकमान से हुई है। तारीख और समय को लेकर बात चल रही है और जो भी तय होगा वह बता दिया जायेगा। बहरहाल ये माना जा रहा है कि अखिलेश यादव गाजियाबाद में कांग्रेस सपा गठबंधन उम्मीदवार डॉली शर्मा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए आ सकते हैं।