नगर निगम द्वारा स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं कराई गई मुहैया
शासन के निर्देशों के तहत किए गए स्कूलों के जीर्णोद्वार के कार्य
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। जनपद गाजियाबाद के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था ठीक करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन बेहद गंभीर है। गंभीरता का आलम यह है कि सरकारी स्कूलों के जीर्णोद्वार को लेकर शासन की तरफ से सख्त आदेश जारी किए हुए हैं।
शासन के सख्त आदेशों के तहत ही गाजियाबाद नगर निगम बेसिक शिक्षा विभाग के अर्न्तगत आने वाले स्कूलों के कायाकल्प में जुटा हुआ है। उत्तर प्रदेश शासन के कायाकल्प अभियान के तहत जनपद गाजियाबाद के नगरीय क्षेत्र में आने वाले 81 स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मुहैया कराये जाने का कार्य इन दिनों हो रहा है। लगभग सभी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को सुव्यवस्थित कर दिया गया है और शेष में अभी कार्य प्रगति
पर है।
बता दें कि नगर निगम ने नगरीय क्षेत्र के अर्न्तगत आने वाले करीब 81 स्कूलों में जीर्णोद्वार के कार्य कराये हैं या फिर करा रहा है। 14 वे वित्त व 15 वे वित्त के सहयोग से स्कूलों के जीर्णोद्वार का कार्य हो रहा है। निगमाधिकारियों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए स्कूलों का जीर्णोद्वार कराया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग की सूची के आधार पर स्कूलों के जीर्णोद्वार के कार्य को किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ओर अधिक स्कूलों को उक्त सूची में शामिल किया जायेगा।
7 बालिका विद्यालयों में किए गए सुधारीकरण के कार्य
नगर निगम गाजियाबाद के 7 बालिका विद्यालयों में भी सुधारीकरण के कार्य किए गए हैं। नगर निगम को विद्यालयों के सुधारीकरण के लिए 463.27 की निविदाएं भी प्राप्त हुई हैं। जिसमें से नगर निगम ने 40 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है। शेष बचे 423.01 लाख का भुगतान किया जाना शेष है। बालिका विद्यालयों में कुछ अतिरिक्त कमरें व कुछ अतिरिक्त कार्य कराये जाने के लिए मद घटत बढ़त हो रही है जिसके 134 लाख रुपये की आवश्यकता है जो कि पूर्व स्वीकृत धनराशि 700 लाख रुपये के अर्न्तगत 101.73 लाख रुपये की बचत हो रही है।
निगम अब 62 वर्ष की आयु में देगा शिक्षकों को सेवानिवृत्ति
नगर निगम के बालिका विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के सेवानिवृत के लिए अभी तक कोई आयु सीमा सुनिश्चित नहीं थी। अब नगर निगम ने सेवानिवृत आयु सीमा तय कर दी है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कार्यकारिणी की बैठक में उक्त प्रस्ताव पर सदन की मौहर लगवा ली है। अब निगम के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत किया जायेगा। कार्यकारिणी के सदन में उक्त प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित भी कर दिया गया।
Discussion about this post