जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से लेकर ट्रैफिक प्रबंधन पर हुआ मंथन
गाजियाबाद (करंट क्राइम)। शुक्रवार को राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पात्र व्यक्तियों को दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। राज्य मंत्री ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक मोदीनगर मंजू शिवाच, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, एसपी देहात डॉ0 ईराज राजा, एडीएम सिटी बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, डीआरडीए पी0एन0 दिक्षित, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीर सिंह, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी , समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/ पंचायत अन्य संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल उपस्थित रहे।
विकास कार्यो में ढिलाई ना बरते अधिकारी
विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने जनपद की उपलब्धियों, स्मार्ट फोन/टेबलेट वितरण, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय), कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति, घरौनी वितरण, कर करेत्तर/राजस्व संग्रह, आईजीआरएस संदर्भों की स्थिति, रोजगार सृजन, गन्ना मूल्य भुगतान आदि योजनाओं की समीक्षा की। जनपद की विशिष्ट उपलब्धियों की समीक्षा में राज्य मंत्री ने पाया कि जनपद गाजियाबाद स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की रैंकिंग में माह मई, 2022 में प्रथम स्थान पर रहा। जनपद में संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 107 प्रतिशत है। उन्होंने पाया कि देश में चयनित 100 श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुबर्न क्लस्टर में जनपद गाजियाबाद के क्लस्टर डासना देहात का तृतीय स्थान है। आजादी से अंत्योदय तक अभियान में 28 अप्रैल, 2022 से 15 अगस्त, 2022 तक भारत सरकार द्वारा देश के 09 मंत्रालयों की 17 योजनाओं में जनपद गाजियाबाद प्रथम स्थान पर रहा है। किसान सम्मान निधि योजना में जनपद का प्रदेश में तृतीय स्थान है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के दिये निर्देश
जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला स्तरीय चिकित्सालयों में सीएसआर की सहायता से 10 करोड़ से अधिक धनराशि के आॅक्सीजन प्लांट स्थापित कराए गए। कोविड-19 महामारी प्रबंधन में जनपद को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनपद की समस्त 161 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय स्थापित कराते हुए लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों का रोस्टर निर्धारित कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए 132 ग्राम सचिवालयों में जन सुविधा केंद्रों को क्रियाशील कराया गया है। जनपद की उपलब्धियों पर राज्यमंत्री द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की गई।
जनपद की यातायात व्यवस्था में किया जाये सुधार
यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारू बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधूरी सड़कों के निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम जल्द कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों पर यातायात शुगम और सुचारू रहता है तो एक्सीडेंट होने की संभावना कम होती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद में यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए एवं आवश्यकतानुसार भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं मार्केट एरिया में उचित पार्किंग की व्यवस्था का प्रबंधन किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि कोई यातायात नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध चालान की कार्यवाही करते हुए दंडित किया जाए। यातायात प्रबंधन पर पैनी नजर रखने के लिए उन्होंने निर्देशित किया कि मुख्य चौराहों, मार्केट एरिया एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से संचालित रहे ताकि उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जा सके।
राजस्व वसूली के कार्यो की हुई समीक्षा
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्सप ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में जनपद की आर्थिक व्यवस्था राजस्व वसूली एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की अर्थव्यवस्था को बढ़ाए जाने के उद्देश्य से जहां-जहां से भी राजस्व प्राप्ति की संभावना बने राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व वसूली को सुनिश्चित कराते हुए जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि सरकार के द्वारा विभिन्न विकास से जुड़ी हुई योजनाएं संचालित की जा रही हैं उन्हें संबंधित अधिकारियों के द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएं ताकि सभी विकास कार्यक्रमों का लाभ जनसामान्य सामान्य को सरलता एवं समय बद्धता के साथ प्राप्त हो सके।
कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारी रहें पूरी तरह गम्भीर
राज्य मंत्री ने जनपद के कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ गहनता के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप संपूर्ण जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था मानकों के अनुरूप कायम रहे इस संबंध में माइक्रो प्लान तैयार करते हुए निरंतर स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के द्वारा छोटी-छोटी घटनाओं के संज्ञान में आने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि जनपद में कानून व्यवस्था मानकों के अनुरूप कायम रहे। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि विगत वर्ष की भांति जनपद में सभी अपराधों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि आगे भी अधिकारियों के द्वारा इसी क्षमता के साथ अपने कार्य को अंजाम दिया जाए ताकि जनपद में अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने लंबित विवेचना में तत्परता के साथ कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों तथा भू-माफियाओं पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
Discussion about this post